साइबर ठगों ने एक महिला से 88 हजार रुपये ऐंठ लिए। ठगों ने महिला को उनका क्रेडिट कार्ड बंद कराने का झांसा दिया था। एसएचओ पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया, प्रिया राणा निवासी माजरा ने शिकायत की है। 10 जुलाई को उन्हें एक व्यक्ति ने फोन किया था। फोन करने वाले ने अपना परिचय एसबीआई के जूनियर एसोसिएट सचिन कुमार के रूप में दिया। महिला से कहा कि वह अपने क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल नहीं कर रहीं हैं। ऐसे में उनके खाते से धन कट जाएगा। उसने इस क्रेडिट कार्ड को बंद करने के लिए कहा। इस पर महिला तैयार हो गई। सचिन ने उनसे क्रेडिट कार्ड की सारी जानकारी ले ली और खाते से 88 हजार रुपये निकाल लिए। एसएचओ ने बताया, मुकमदा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।