- दुकान बेचने के नाम पर रकम हड़पने का आरोप
देहरादून। ट्रांसपोर्ट नगर में दुकान बेचने के नाम पर बुजुर्ग से करीब 18.39 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित विजय भाटिया ने इस संबंध में एसएसपी को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। भाटिया के अनुसार उन्होंने 2019 में ट्रांसपोर्ट नगर योजना स्थित एक दुकान को खरीदने के लिए मोहम्मद नजाकत अली निवासी गांधी रोड के साथ विक्रय अनुबंध किया था। दुकान का कुल क्षेत्रफल लगभग 35.63 वर्गमीटर बताया गया। अनुबंध के तहत तय समय में रजिस्ट्री होनी थी। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2019 से जनवरी 2024 तक करीब 18.39 लाख रुपये आरोपी को दिए। आरोपी ने यह कहकर रजिस्ट्री टाल दी कि संपत्ति पर बैंक का लोन चल रहा है, जिसे चुकाने के बाद ही विक्रय विलेख किया जाएगा। आरोपी लगातार रजिस्ट्री टालता रहा। अप्रैल 2025 में पीड़ित को यह जानकारी मिली कि मोहम्मद नजाकत अली ने वही दुकान किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। आरोप है कि जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पैसे भूल जाने को कहा। पटेलनगर थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मा.सि.रि.