पछवादून में अलग-अलग स्थानों से मिली सूचनाओं पर कार्य करते हुए वन विभाग के सर्प मित्र ने चार सांप को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान उन्होंने एक ही स्थान से दो सांप को एक साथ पकड़ा। पकड़े गए सांपों को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया गया है। कालसी वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज को मंगलवार की रात सूचना मिली कि हरबर्टपुर के कोर्ट रोड हरिपुर स्थित एक मकान में सांप दिखाई दिया है। सर्प मित्र आदिल मिजा ने एक इंडियन स्पेक्टिकल कोबरा को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया। सुबह में बरोटीवाला के पृथ्वीपुर खेड़ा पहुंचे सर्पमित्र ने एक रेट स्नेक को पकड़ लिया। ग्राम पंचायत बालूवाला स्थित एक मकान में दो सांप दिखाई देने से परिजनों में भय का वातावरण बन गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सर्प मित्र ने दोनों सांप को अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि दोनों सांप इंडियन रेट स्नेक प्रजाति के हैं।