कोतवाली क्षेत्र के मुख्य बाजार में सेवानिवृत शिक्षक की पत्नी को सम्माेहित कर आभूषण और नकदी ठगने वाले चार आरोपियोंं को सहारनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला से भी आभूषण ठगे थे। इसके अलावा मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद में भी इसी तरह से ठगी की घटनाओं का अंजाम दिया था। आरोपियों के पास से ठगी के सामान बरामद कर लिए हैं। विकासनगर कोतवाली पुलिस आरोपियों को बी वारंट पर विकासनगर लाने की तैयार कर रही है। 23 अक्तूबर को विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर में महावीर अस्पताल के पास निवासी सेवानिवृत शिक्षक मोहन लाल गर्ग की पत्नी मधु गर्ग अहोई अष्टमी की खरीदारी के लिए मुख्य बाजार स्थित राणा ज्वेलर्स की दुकान में गई थीं। दुकान से खरीदारी कर वह घर वापस लौट रही थीं। इस दौरान दो व्यक्तियों ने उन्हें सम्मोहित कर करीब दो लाख के आभूषण, मोबाइल, दो हजार की नकदी, पेन कार्ड और आधार कार्ड ठग लिए। इसके बाद दोनों ठग दो अन्य युवकों के साथ बाइक से फरार हो गए थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस ने महिला के बेटे अभिषेक गर्ग की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि सहारनपुर के सदर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों को आईटीसी रोड से गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से आभूषण, दो चाकू, दो तमंचे, एक जिंदा कारतूस और ठगी की घटना में प्रयोग की गई दो बाइक भी मिली है। आरोपियों ने सदर बाजार थाना क्षेत्र निवासी बुजुर्ग महिला सुषमा नरूला से कानों के टॉप्स, अंगूठी, कंगन भी ठगे थे। मामले में सहारनपुर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।आरोपियों की पहचान मेरठ के सदल्लापुर थाना क्षेत्र निवासी खुर्शीद, ऊधमसिंह नगर के गदरपुर थाना क्षेत्र निवासी हबीब, सुहेल खान और बिजनौर के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है। ठगों ने विकासनगर में महिला के साथ ठगी की बात कबूल की है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। उन्हें बी वारंट पर विकासनगर लाया जाएगा।