विश्वविद्यालय के बाहर युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लोहे की रॉड और पेचकस बरामद हुआ है। युवक पर हमला एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया था जिसमें अभी जांच चल रही है।
बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे एसजीआरआर विवि का छात्र अमन छुट्टी के बाद स्कूटर से घर जा रहा था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर गिरा दिया था। अमन संभल पाता, इससे पहले ही दर्जनों युवकों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया था। गंभीर घायल अमन को श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब भी उसका इलाज चल रहा है। एसएचओ पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया, अमन की बहन अनामिका की तहरीर पर चार युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
अनामिका का कहना था कि अमन ने एक फेसबुक पोस्ट को फॉरवर्ड किया था। कुछ युवकों को यह बात नागवार गुजरी तो उन्होंने विरोध किया। इसके बाद अमन ने पोस्ट डिलीट कर दी। बावजूद इसके युवक उससे खुन्नस रखने लगे। पुलिस ने घटना के बाद कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। इस बीच शनिवार को सानिब उर्फ साहिल निवासी नारायणपुर रतन, मंडावली बिजनौर, असद खान उर्फ आसू निवासी माजरा, मोहम्मद तल्हा निवासी ब्राह्मणवाला और अमन खान निवासी आजाद कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसएचओ ने बताया, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।