पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने इशारों में अपनों पर लगाए आरोप
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल ने भ्रष्टाचार और खनन को लेकर अपनी ही पार्टी के जनप्रतिनिधियों पर इशारों में आरोप लगाए है। उन्होंने कहा कि विकासनगर में बड़े पैमाने पर यमुना नदी में खनन हो रहा है। इसके पीछे छह लोग हैं, जो खनन माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण दे रहे हैं। खनन माफियाओं को न पकड़ने या छोड़ने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया जाता है।
एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में रामशरण नौटियाल ने कहा कि नदी क्षेत्र हरिद्वार, ऋषिकेश और कुमाऊं में भी है, लेकिन विकासनगर में राजनीतिक संरक्षण के चलते खनन माफिया बेखौफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया की कालसी और विकासनगर क्षेत्र में लघु नहरों के निर्माण और मनरेगा के अन्य कार्यों में भ्रष्टाचार हुआ है।
धरातल पर काम नहीं है, बजट को ठिकाने लगाने के लिए योजनाएं तैयार की जा रही है। कहा कि जब एसडीएम कालसी ने अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में कार्यों की योजना तैयार करते समय उनकी फोटो भी प्रस्ताव में शामिल करने के लिए कहा तो जनप्रतिनिधियों ने उनका ही विरोध कर दिया।