पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी आरुषि निशंक से फिल्म निर्माण, उसमें अभिनय के नाम पर चार करोड़ रुपये ठग लिए गए। ठगी के आरोप में पुलिस ने मुंबई के रहने वाले दो निर्देशकों मानसी वरुण बागला और वरुण प्रमोद बागला के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों ने आरुषि निशंक की कंपनी से आंखों की गुस्ताखियां नाम की फिल्म निर्माण के लिए एमओयू किया और यह रकम ले ली, लेकिन कुछ दिन पहले पता चला कि आरोपियों ने भारत में फिल्म की शूटिंग आरुषि को बिना बताए पूरी कर ली है। यही नहीं निर्माताओं के स्थान पर उनके नाम और फोटो भी हटा दिए गए हैं। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। आरुषि निशंक अपने पति के साथ हिमश्री फिल्म्स नाम से एक कंपनी चलाती हैं। इसी के माध्यम से वह अभिनय और फिल्म निर्माण के क्षेत्र से जुड़ी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनसे जुहू, मुंबई के रहने वाले मानसी वरुण बागला व वरुण प्रमोद बागला देहरादून मिलने आए थे। बागला मुंबई में मिनी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की फिल्म निर्माता कंपनी संचालित करते हैं। अक्तूबर 2024 में इन दोनों ने कहा था कि वह आंखों की गुस्ताखियां नाम की एक फिल्म बना रहे हैं। इसमें विक्रांत मैसी व शनाया कपूर मुख्य भूमिका में हैं। इसमें एक अन्य अभिनेत्री का रोल भी है। इस रोल को उन्होंने आरुषि निशंक के लिए बताया, लेकिन इससे पहले शर्त लगाई कि वह अगर उनकी कंपनी में पांच करोड़ रुपये निवेश कर देंगी तो यह रोल उन्हें मिल जाएगा। यही नहीं उन्हें यह भी झांसा दिया गया कि इस पांच करोड़ रुपये का उन्हें 15 करोड़ रुपये का मुनाफा होगा।रोल के बारे में आरोपियों ने आरुषि को बताया कि रोल की स्क्रिप्ट उनके हिसाब से होगी। यदि रोल पसंद नहीं आता है तो इस रकम को कंपनी 15 प्रतिशत ब्याज के साथ वापस करेगी। इस तरह आरुषि को बागला की बातों पर विश्वास हो गया और उन्होंने नौ अक्तूबर को अपनी कंपनी हिमश्री फिल्म्स और मिनी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच एमओयू कर लिया। अगले ही दिन बागला की इस कंपनी को उन्होंने दो करोड़ रुपये दे दिए। कुछ दिन बाद नवंबर में दो करोड़ रुपये और उन्हें दे दिए। वह अपने रोल का इंतजार कर रही थीं, लेकिन गत पांच फरवरी को उन्हें किसी माध्यम से पता चला कि इस फिल्म की तो भारत में शूटिंग पूरी हो चुकी है। यही नहीं उनका रोल भी किसी और अभिनेत्री को दे दिया गया है। यह सब एमओयू की शर्तों के खिलाफ था। शहर कोतवाल चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि आरुषि निशंक की इस शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।