मसूरी। अपर प्रमुख वन संरक्षक(वनाग्नि एवं आपदा प्रबंधन) निशांत वर्मा ने शनिवार को मसूरी वन प्रभाग के मास्टर कंट्रोल रूम राजपुर का निरीक्षण किया। साथ ही मालसी क्रू स्टेशन में मसूरी वन प्रभाग की ओर से वनाग्नि नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। मालसी क्रू स्टेशन में उन्होंने वनाग्नि से सम्बंधित विभिन्न पंजिकाओं का निरीक्षण किया। साथ ही ऑनलाइन उत्तराखंड फॉरेस्ट फायर ऐप एफएसआई से प्राप्त अलर्ट सिस्टम एवं फायर डेंजर रेटिंग इंडेक्स फीड बैक सिस्टम आदि की जानकारी ली। इस मौके पर उप प्रभागीय वनाधिकारी उदय नंद गौड़ ने अपर प्रमुख वन संरक्षक को अवगत कराया गया कि मसूरी वन प्रभाग में 16 बेस स्टेशन एवं 43 क्रू स्टेशन स्थापित हैं। साथ ही 198 फायर वाचर मौजूद हैं। वहीं अपर प्रमुख वन संरक्षक ने रिंगालगाढ़ स्थित पिरूल पैलेट्स बनाने की इकाई में उत्पादन बढ़ाने तथा अन्य इकाइयां स्थापित करने के लिए स्थानीय लोगों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी देहरादून, मसूरी वन प्रभाग डॉ. उदय नंद गौड़, वन क्षेत्राधिकारी रायपुर रेंज राकेश नेगी, उप वन क्षेत्राधिकारी विरेंद्र दत्त जोशी, वन दरोगा राजपुर गोविंद सिंह नगरकोटी, लोकेश शाह, पिंकी कैन्तुरा, नैना पांडेय आदि मौजूद रहे। संवाद