विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं में हुआ 107 छात्र-छात्राओं का चयन
विकासखंड कालसी के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे छात्रों के लिए शिक्षक द्रोणाचार्य की भूमिका निभाकर परीक्षाओं का लक्ष्य भेदने के लिए अर्जुन तैयार कर रहे हैं। शिक्षकों और छात्रों की कड़ी मेहनत की बदौलत बीते शैक्षणिक सत्र में 107 छात्रों का चयन प्रदेश और देश के प्रतिष्ठित निशुल्क आवासीय विद्यालयों के लिए हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं के लिए कोचिंग की व्यवस्था नहीं होती है। ऐसे में छात्र परीक्षाओं में पिछड़ जाते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी कालसी भुवनेश्वर प्रसाद जदली ने छात्रों की इस परेशानी को समझा और कोचिंग का विकल्प निकाल कर व्यवस्था तैयार की।
बीईओ ने सरकारी स्कूलों के छात्रों को प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए शिक्षकों की एक टीम गठित की। टीम स्कूल के बाद छात्रों को कोचिंग देने का काम करती है। शिक्षक और छात्रों की मेहनत रंग लाई। बीते शैक्षिक सत्र में विकासखंड कालसी से रिकॉर्ड 107 छात्र-छात्राओं का चयन विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं में हुआ है। संवाद
इन आवासीय विद्यालयों में हुआ चयन
छात्रों का चयन प्रतिष्ठित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, शिव नादर फाउंडेशन की ओर से संचालित विद्याज्ञान एकेडमी बुलंदशहर उत्तर प्रदेश, सुरेंद्र राकेश आदर्श आवासीय विद्यालय हरिद्वार में हुआ है।
क्या कहते हैं शिक्षक
छात्रों को तैयारी कराने वाले शिक्षक धर्मेंद्र सिंह, निरंजन जोशी, लीला उनियाल, कपिल उनियाल, मोहित उपाध्याय का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारी के इस अभिनव प्रयोग को शिक्षकों ने भी एक चुनौती के रूप में स्वीकार किया था, जिसका सार्थक नतीजा देखने को मिला। उधर, बीईओ और शिक्षकों के इस प्रयोग को पूर्व ब्लॉक प्रमुख अर्जुन सिंह चौहान, बोसान की उप प्रधान सरोज भट्ट ने बेहद प्रशंसनीय कार्य बताया।
इन शिक्षकों ने निभाई भूमिका
छात्रों को तैयारी करने वाले टीम में सावित्री जोशी, पूनम घिल्डियाल, जगदीश कुमार, उषा कंडारी, बलराज शर्मा, पुनीत शर्मा, संदीप रावत, मिनाक्षी गर्ग, धमेंद्र सिंह, निरंजन जोशी, लीला उनियाल, कपिल उनियाल, मोहित उपाध्याय, जवाहर सिंह, तृप्ति देवरानी, गीता गुरुंग, महावीर सिंह शामिल रहे।