उत्तराखंड डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट टीम में एक साथ तीन खिलाड़ियों का चयन
उत्तराखंड डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट टीम में पहली बार जौनसार बावर क्षेत्र के तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। राजेश वर्मा, नेपाल सिंह और नरेंद्र सिंह राजस्थान के उदयपुर में 28 सितंबर से 8 अक्तूबर के बीच होने वाली राष्ट्रीय पैरा क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली टीम का हिस्सा होंगे। तीनों खिलाड़ियों के प्रदेश की टीम में चयन से जौनसार क्षेत्र में जश्न का माहौल है।
बीते शुक्रवार को उत्तराखंड डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट टीम में खिलाड़ियों के चयन के लिए देहरादून में ट्रायल हुए थे। चकराता ब्लॉक के रहने वाले राजेश वर्मा, नेपाल सिंह और नरेंद्र सिंह अपनी प्रतिभा के दम पर टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे। फिजिकली चैलेंज्ड क्रिकेट एसोसिएशन उत्तराखंड के समन्वयक नवीन चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय पैरा क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए 14 सदस्यीय टीम में देहरादून जिले के तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। बताया कि तीनों खिलाड़ी जौनसार बावर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
राजेश वर्मा, खिलाड़ी, उत्तराखंड डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट टीम
उत्तराखंड डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट टीम में चयनित राजेश वर्मा नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट अंतरराष्ट्रीय तैराक भी है। वह अटाल गांव के रहने वाले हैं। राजेश वर्मा वर्ष 2022 में पुर्तगाल में हुई विश्व चैंपियनशिप में प्रतिभाग किया था। प्रतियोगिता में उन्होंने चौथा स्थान प्राप्त किया था। वह वर्तमान में उत्तराखंड सचिवालय में समीक्षा अधिकारी हैं। राजेश वर्मा बल्लेबाज के तौर पर टीम में शामिल हुए हैं।
नरेंद्र सिंह, खिलाड़ी, उत्तराखंड डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट टीम
नरेंद्र सिंह वंगूर गांव के रहने वाले हैं। वर्ष 2017 में पहली बार उनका चयन उत्तराखंड डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट टीम में हुआ था। तब से वह लगातार राष्ट्रीय पैरा क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम का हिस्सा रहे हैं। नरेंद्र सिंह ऑलराउंडर क्रिकेटर हैं।
नेपाल सिंह, खिलाड़ी, उत्तराखंड डिफरेंली एबल्ड क्रिकेट टीम
नेपाल सिंह बणाधार गांव के रहने वाले हैं। वर्ष 2016 में पहली बार राष्ट्रीय पैरा क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट टीम में उनका चयन हुआ था, तब से वह लगातार टीम से खेलते आ रहे हैं। वह वर्तमान में चकराता विकासखंड के बणाधार ग्राम पंचायत के प्रधान भी हैं। नेपाल सिंह लेग स्पिनर हैंं।