त्यूणी व चकराता बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन टीम ने सोमवार को मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। आम उपभोक्ताओं को मिलावट रहित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में बेचने के लिए रखे गए सामान की गहनता से जांच की। इस दौरान टीम ने अलग-अलग दुकानों से मिठाई के चार नमूने भरे। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा देहरादून मनीष सयाना के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर संजय तिवारी की टीम ने सीमांत क्षेत्र त्यूणी बाजार में स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, कुछ मिठाइयों की गुणवत्ता में संदेह होने पर विभागीय टीम ने चार नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों ने कहा रिपोर्ट में खाद्य पदार्थाें के मानकों पर खरे नहीं उतरने की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।