सात वर्ष से रुकी उत्तराखंड पुलिस की भर्ती पर अब बेरोजगारों ने आंदोलन की रणनीति बनाई है। भर्ती की मांग के लिए आगामी छह दिसंबर को परेड ग्राउंड में पांच हजार से ज्यादा बेरोजगार युवा जुटेंगे। बेरोजगार मंच के अध्यक्ष राम कंडवाल ने बताया कि इस संबंध में सोमवार को शहर के एक कोचिंग सेंटर में मीटिंग हुई थी। योजना बनी है कि छह दिसंबर को सभी बेरोजगार परेड ग्राउंड से जुलूस की शक्ल में निकलकर मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे। उन्होंने बताया कि सात सालों से पुलिस की भर्ती नहीं आई है। गत सितंबर में भर्ती के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से अध्याचन अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को भेजा था। लेकिन, अभी तक इसमें कोई फैसला नहीं लिया गया है। कुछ दिन बाद आचार संहिता भी लग जाएगी। इसके बाद चुनाव संपन्न होने तक कुछ नहीं हो सकता है। मा.सि.रि.