विकासनगर। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया। कार, छोटा हाथी, विक्रम और दो बाइक समेत पांच वाहनों को सीज किया गया। चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने को लेकर रिपोर्ट आरटीओ कार्यालय को भेजी गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र दत्त उनियाल के निर्देश पर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सभी चौकी क्षेत्रतों में अभियान चलाया गया। चौकी प्रभारी डाकपत्थर कुंदन राम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने नेहरू मार्केट डाकपत्थर में तीन वाहन चालकों, चौकी प्रभारी बाजार अर्जुन गुसाईं ने डाकपत्थर तिराहा और चौकी प्रभारी हरबर्टपुर हिमानी चौधरी ने एक एक वाहन चालक को शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तार चालकों की पहचान शुभम निवासी 5 टोंस कॉलोनी डाकपत्थर, प्रेमचंद निवासी अम्बाड़ी, अय्यूब निवासी जीवनगढ़, दीपक निवासी जस्सोवाला और हर्ष निवासी शक्ति विहार विकासनगर के रूप में हुई। सीओ ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों को बक्शा नही जाएगा। सभी चौक प्रभारियों को रात के समय लगातार अभियान चलाकर ऐसे लोगों को चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से शराब पीकर वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।