उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद के चेयरमैन मुफ्ती शमून कासमी ने कहा कि प्रदेश सरकार मदरसे के बच्चों को उच्च शिक्षा प्रदान करने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि मदरसे में पढ़ने वाले बच्चों को डाॅक्टर-इंजीनियर बनाया जाए।
ग्राम ढकरानी स्थित जामिया दारुल उलूम रमजानिया मदरसा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश सरकार के माध्यम से मदरसों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार मुस्लिम समाज के साथ खड़ी है। समाज की तरक्की व शिक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मदरसों में पढ़ने वाले बच्चे यदि डाॅक्टर व इंजीनियर भी बनें तो इससे बेहतर कुछ नहीं है। उन्होंने मदरसों की मान्यता समेत अन्य समस्याओं के समाधान शीघ्र किए जाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान मदरसा बोर्ड के चेयरमैन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर मदरसे में पौधारोपण किया। बच्चों की दी गई प्रस्तुति की सराहना भी की। इसके पहले मदरसा के प्रबंधक हाजी अब्दुल कादिर ने बोर्ड के चेयरमैन स्वागत किया। इस दौरान समाजसेवी अय्यूब हसन ने उन्हें मदरसों की समस्याओं से अवगत कराया। इस मौके पर विकासनगर तहसीलदार विवेक राजौरी, क्षेत्रीय लेखपाल मीनाक्षी कठैत, कारी मोहम्मद आबिद, मदरसा शिक्षक संघ के अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम, मौलाना बुरहान, मौलाना मासूम, कारी अकरम, डाॅ. ताहिर, राजेश कुमार, सुब्हान, अब्दुल कय्यूम आदि मौजूद रहे।