दून अस्पताल के बाल रोग विभाग के डेंगू वार्ड में आग लगने से स्वास्थ्यकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन दल ने करीब आधे घंटे तक मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना के समय वार्ड में कोई भी मरीज भर्ती नहीं था। जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार सुबह करीब नौ बजे की है। बाल रोग विभाग के डेंगू वार्ड में लगे इलेक्टि्रक बोर्ड में अचानक शॉट सर्किट हो गया। घटना के समय वार्ड बाहर से बंद था। जब बोर्ड से लपटें निकलने लगीं तो स्वास्थ्यकर्मियों की इस पर नजर गई। पहले उन्होंने स्वयं प्रयास किया। इसके बाद अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी। घटना की सूचना अधिकारियों को भी दी गई। अग्निशमन दल ने किसी तरह आग पर काबू पाया। गौरतलब है कि पिछले 22 जुलाई को भी बाल रोग विभाग के ही वार्ड में आग भड़क गई थी। इस दौरान 20 से भी अधिक मरीजों को शिफ्ट करना पड़ा था। एक महीना भी पूरा नहीं हुआ है और इस तरह की दूसरी घटना सामने आने से सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। तीमारदारों के साथ-साथ मरीजों को भी अब दून अस्पताल में खतरा महसूस हाेने लगा है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने बेफिक्र रहने का आश्वासन दिया है।