विकासनगर। न्यायिक मजिस्ट्रेट जतिन मित्तल की अदालत ने शुक्रवार को सहसपुर निवासी नीरज कुमार को 50 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब रखने के मामले में दोषी करार दिया। आरोपी ने अदालत में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया था, जिसके आधार पर आबकारी अधिनियम के तहत सजा सुनाई गई। अभियोजन के अनुसार, 30 अगस्त 2025 को दोपहर 1:45 बजे सहसपुर थाना क्षेत्र में छरबा चांदपुर जंगल स्थित हनुमान मंदिर तालाब के पास पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। उसके पास से देशी शराब बरामद हुई। अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए न्यायालय उठने तक न्यायिक अभिरक्षा और पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। जुर्माना न देने पर आरोपी को 15 दिन अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। संवाद