कोतवाली क्षेत्र में वकीलों के दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोतवाल विद्याभूषण नेगी ने बताया कि शिकायतकर्ता वीरेंद्र सिंह निवासी नकरौंदा का आरोप है कि हमले में वह और उसके अन्य साथी घायल हुए हैं। इनका उपचार दून हॉस्पिटल में कराया गया है। लक्खीबाग चौकी में दी गई शिकायत में उन्होंने बताया कि वह अधिवक्ता हैं। कोर्ट के पास एक सीनियर वकील के कार्यालय में काम करते थे। वहां उन्होंने करीब आठ साल काम किया। दो साल पहले उन्होंने वहां से काम छोड़ दिया।
इसके बाद अलग कार्यालय खोलकर काम करने लगे। बताया कि इस बात को लेकर उनसे सीनियर वकील रंजिश रखने लगा। इसके बाद उन पर एक मुकदमा भी दर्ज कराया गया। उस मुकदमे में एफआर लग चुकी है। रंजिश के चलते सीनियर वकील ने अपने साथियों के साथ उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले की शिकायत के आधार पर पुलिस पूछताछ कर रही है। कोतवाल ने बताया कि मामले में प्रमोद कुमार और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।