सहसपुर कोतवाली पुलिस ने रामपुर से जैतून नाम की महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 10.56 ग्राम हेरोइन मिली है। पुलिस ने रामपुर निवासी महिला और उसको ड्रग की आपूर्ति करने वाले खुशहालपुर निवासी जिशान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी जिशान फरार है। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान रामपुर में कसाई मोहल्ले के पास एक संदिग्ध महिला को देखा गया। पुलिसकर्मियों को देख वह तेज कदमों से वापस जाने लगी। महिला पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। महिला की तलाशी लेने पर उसके पास से हेरोइन मिली, जिसकी मात्रा 10.56 ग्राम थी। महिला ने पूछताछ में अपना नाम रामपुर निवासी जैतून बताया। उसने बताया कि वह खुशहालपुर निवासी जिशान से हेरोइन खरीदकर लाई थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी जैतून और जिशान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जैतून को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी जिशान की तलाश की जा रही है। जल्द उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।