थाना कालसी क्षेत्र के रुपऊ गांव निवासी एक व्यक्ति ने पड़ोस में रहने वाले बाप-बेटे पर घर बुलाकर अपने बुजुर्ग पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
बीते 13 मई को रुपऊ गांव के अषाड़ू (62) की मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को मृतक के बेटे खजान सिंह ने कालसी थाने में तहरीर देकर बताया कि घटना के दिन गांव के रहने वाले हरिया और उसके बेटे दिनेश ने पिता को चाय पीने के लिए घर बुलाया। दोनों ने पिता को चाय पिलाने के बाद शराब भी पिलाई। बताया कि उसके बाद दोनों ने बेरहमी से उनकी हत्या कर दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी पत्नी रक्षा देवी ने उन्हें दोपहर 12.00 बजे घटना की सूचना दी। बताया कि घटना के दिन वह काम की तलाश में हिमाचल प्रदेश के नगेथा गए हुए थे।
थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने आरोपी बाप-बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।