एक विवाहित व्यक्ति ने खुद को अविवाहित बताकर विधवा महिला से मेट्रीमोनियल वेबसाइट पर संपर्क किया और फिर मंदिर में उसकी मांग भरकर झूठी शादी कर ली। इसके बाद व्यक्ति ने महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया। महिला ने जब कोर्ट मैरिज के लिए दबाव बनाया तो उसने फोन बंद कर लिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर कोतवाली राकेश गुसाईं ने बताया, महिला के पति की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। वह किराए पर रहकर फैक्ट्री में काम करती है। गत अप्रैल में महिला ने एक मेट्रीमोनियल वेबसाइट पर जीवनसाथी की तलाश के लिए अपनी प्रोफाइल बनाई थी। इसे देखकर विमल थापा नाम के व्यक्ति ने महिला से संपर्क किया। विमल ने बताया था कि वह सेना से सेवानिवृत्त है और फिलहाल डीएसई बिकानेर में नौकरी करता है। उसने अपना मूल पता हल्द्वानी उत्तराखंड का बताया। महिला उससे बात करने लगी।
फोनकर महिला को बीकानेर बुलाया
इसी बीच दो जून को विमल थापा ने महिला को फोन कर बिकानेर बुलाया। महिला अपने बच्चों को लेकर वहां चली गई। इसके बाद विमल सभी को लेकर देहरादून आ गया। यहां उसने डाट काली मंदिर में महिला की मांग भरी और भविष्य में कोर्ट मैरिज करने का वादा किया। आरोप है विमल देहरादून में उनके साथ 15 दिन तक रहा और कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने कोर्ट मैरिज के लिए कहा तो उसने हल्द्वानी अपने घर जाने की बात कही और वह चला गया। इसके बाद जब भी महिला उसे कोर्ट मैरिज के लिए कहती वह टाल देता। इस बीच महिला ने फेसबुक प्रोफाइल चेक की तो पता चला कि वह शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला की शिकायत पर विमल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।