इंस्टाग्राम पर दून पुलिस की फेक आईडी बना दी गई। इस आईडी से कई तरह की जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। साइबर सेल की प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने कोतवाली में आईटी एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने टीमें बनाकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बीते कुछ समय से पुलिस विभाग के अधिकारियों की फेक आईडी बनाने के मामले बढ़े हैं। गत अप्रैल माह में डीजीपी समेत अन्य अधिकारियों के नाम से सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाई गई थीं। इन मामलों में एसटीएफ ने भी कार्रवाई की थी। डीजीपी की फेक आईडी के मामले में झारखंड के जामताड़ा और राजस्थान के इलाकों से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
अब देहरादून पुलिस की इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाने का मामला आया है। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि इसमें उत्तराखंड पुलिस का आधिकारिक लोगो भी लगाया गया है। इसके माध्यम से आरोपी पुलिस से संबंधित कार्यों की सूचना और पोस्ट प्रसारित कर रहा था। ऐसे में इसकी जांच कराई गई। साइबर सेल की जांच के बाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।