वन रैंक, वन पेंशन में विसंगति को लेकर पूर्व सैनिक दो जुलाई को भूख हड़ताल पर रहेंगे। साथ ही छह अगस्त को मांगों को लेकर दिल्ली में होने वाले धरना-प्रदर्शन में उत्तराखंड से भी बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक शिरकत करेंगे।
बृहस्पतिवार को गौरव सेनानी एसोसिएशन की नथुवावाला में आयोजित बैठक में भूख हड़ताल और दिल्ली कूच को लेकर चर्चा हुई। एसोसिएशन के प्रवक्ता खुशाल सिंह परिहार ने सभी को ओआरओपी, मिलिट्री सर्विस पे (एमएसपी) और पेंशन विसंगतियों की जानकारी दी। वहीं, पूर्व सैनिकों ने सब-एरिया कैंटीन मामले में पूर्व सैनिकों पर दर्ज मुकदमा अभी तक वापस नहीं होने पर भी रोष जताया। कहा, जब तक मुकदमा वापस नहीं होता, पूर्व सैनिक सरकार और सब-एरिया के कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे।
आर्मी हेडक्वार्टर की ओर से एक आदेश दिखाकर पूर्व सैनिकों को डराया जा रहा है। कहा जा रहा है कि आदेश में पूर्व सैनिकों को पेंशन बंद करने की चेतावनी दी गई है। वक्ताओं ने कहा, यह केवल पूर्व सैनिकों पर दबाव बनाने की रणनीति है। इससे पूर्व सैनिक डरने वाले नहीं। जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर सिंह राणा, मनवर सिंह रौथाण, चौधरी विक्रम सिंह, गिरीश जोशी, विक्रम सिंह रावत, मदन सिंह गडिया, दिगपाल सिंह, बिरेंद्र सिंह कंडारी, विक्रम सिंह कंडारी, अव्वल सिंह नेगी, पुष्कर सिंह, नीरज जोशी, विजय आदि मौजूद रहे।