देहरादून। डोईवाला क्षेत्र के रानीपोखरी में सीएसडी कैंटीन स्थापना के बाद आवश्यक संसाधनों के लिए उपनल के माध्यम से धनराशि स्वीकृत किए जाने पर क्षेत्र के पूर्व सैनिकों ने सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी का आभार जताया है। शुक्रवार को देहरादून स्थित सैनिक कल्याण मंत्री के कैंप कार्यालय में भेंट के दौरान पूर्व सैनिकों ने कहा कि डोईवाला में सीएसडी कैंटीन न होने के कारण उन्हें आवश्यक वस्तुएं प्राप्त करने के लिए दूरस्थ सैन्य क्षेत्रों तक जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों अधिक लगता था। अब स्थानीय स्तर पर कैंटीन की सुविधा उपलब्ध होने से हजारों पूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों के परिवारों तथा आश्रितों को बड़ी राहत मिल रही है। उत्तराखंड पूर्व सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष कमांडर एसएस मुथारु, कैप्टन आनंद सिंह राणा सहित अनेक पूर्व सैनिक मौजूद थे। ब्यूरो