फोटो...
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने विद्युत वितरण में होने वाले नुकसान को कम करने के मामले में ऊर्जा निगम को नाकाम बताया है। मोर्चा अध्यक्ष ने अपने आवास पर आयोजित पत्रकारवार्ता में कहा कि निगम को हो रहे नुकसान की भरपाई महंगी बिजली बेचकर उपभोक्ताओं से की जा रही है। मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि 2023-24 तक विद्युत वितरण हानियां 13.89 प्रतिशत व एटीएंडसी हानियां लगभग 14.64 प्रतिशत थीं। परंतु यह नुकसान बढ़ते-बढ़ते अगस्त 2024 में 19 और 33 प्रतिशत तक पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि निगम के आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा लाइन लॉस विद्युत वितरण खंड, रुड़की में हुए हैं। जहां अगस्त तक शहरी क्षेत्र में 53.65, रुड़की ग्रामीण में 53.24, बागेश्वर में 49.82, अल्मोड़ा में 50.13, रामनगर में 48.20, हल्द्वानी में 50.01 प्रतिशत तक पहुंच गया है। उन्होंने प्रदेश के राज्यपाल से नुकसान की रोकथाम को आवश्यक कार्रवाई की मांग भी की है। साथ ही उन्होंने इस मामले को लेकर आंदोलन चलाने की चेतावनी भी दी। मौके पर आकाश पंवार व दिलबाग सिंह मौजूद रहे। संवाद