नगर निगम ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर डांडा लाखौंड में अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। निगम ने अतिक्रमणकारियों को पहले भी जांच तक निर्माण न करने की चेतावनी दी थी। लेकिन, वहां अवैध निर्माण किया जा रहा था।
भूमि कर अधीक्षक राहुल कैंथोला ने बताया कि देहरादून नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डांडा लाखौंड के खसरा संख्या 461 में नगर निगम के खाले की भूमि है। इसमें कई दिनों से अवैध अतिक्रमण किया जा रहा था। कुछ अतिक्रमणकारियों को मौके पर कोई भी नवनिर्माण न करने को कहा गया था। नगर निगम व तहसील की संयुक्त टीम ने मौके की जांच की तो सरिता पत्नी जयदीप व जयदीप पुत्र राजवीर मना करने के बावजूद भी लगातार निर्माण का कार्य जारी रखे हुए थे। नगर आयुक्त गौरव कुमार के आदेश के बाद बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम ने पुलिस बल के साथ जाकर सरिता पत्नी जयदीप, आकांक्षा पत्नी मयंक गुप्ता व जयदीप पुत्र राजवीर की ओर से किए जा रहे अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।