घटना स्थल से बरामद हुआ कारतूस का खाली खोखा
रिजॉर्ट में गोली चलाने के मामले में सहसपुर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना स्थल पर कारतूस का खाली खोखा मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुछ दिन पूर्व होरावाला स्थित संजीवनी रिजॉर्ट के स्वामी मयंक अवस्थी पुत्र दिनेश अवस्थी निवासी इंद्रापुरम गाजियाबाद ने पुलिस को दी तहरीर में कहा था कि बीती 13 जून की रात को रिजॉर्ट में उनका सिक्योरिटी गार्ड मौजूद था। सिक्योरिटी गार्ड कमरे में था। इस दौरान उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब सिक्योरिटी गार्ड ने बाहर आकर देखा तो एक शीशा टूटा हुआ था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने घटना स्थल की जांच की। जहां कारतूस का खाली खोखा बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रह है। घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। बतादें कि कुछ माह पूर्व रेव पार्टी करने पर पुलिस ने रिजॉर्ट में छापा मारा था। मौके से चरस बरामद हुई थी। कई लोगों को हिरासत में लिया गया था। प्रशासन ने रिजॉर्ट को सील कर दिया था। तब से रिजॉर्ट में सिर्फ सिक्योरिटी गार्ड रह रहा था।