- राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 पर आयोजित हुआ राष्ट्रीय वेबिनार
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तराखंड इकाई की ओर से राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी व प्रौद्योगिकी संस्थान पौड़ी गढ़वाल के निदेशक प्रो. वीके बंगा ने कहा कि तकनीकी व कौशल युक्त शिक्षा से ही विकसित भारत का सपना पूरा होगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 शिक्षा को रोजगारोन्मुख, नवाचार आधारित और तकनीकी दक्ष बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। आज समय आ गया है कि हम युवा शक्ति की ताकत को पहचाने और उनको कौशल से युक्त करें जिससे वे विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकें। दून विवि सीआईआईईआईआर के समन्वयक डॉ. सुधांशु जोशी ने कहा कि उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप विद्यार्थियों का कौशल निर्माण उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगा। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के प्रो. आलोक सागर गौतम ने कहा कि शिक्षा नीति का सफल क्रियान्वयन ही भारत को ज्ञान-आधारित महाशक्ति बनाएगा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के प्राध्यापक डॉ. डीएस नेगी ने धन्यवाद ने कहा कि तकनीकी, नवाचार और कौशल जैसे विषयों की जानकारी हर शिक्षक व कर्मचारी को होना आवश्यक है।