सिली खत के 12 गांवों में 13 दिनों से बिजली आपूर्ति का संकट बरकरार है। ग्रामीणों के विरोध के बाद बिजली की लाइन को माख्टी-चकराता से जोड़कर कुछ घंटे के लिए आपूर्ति दी गई है लेकिन अधिकारी शुक्रवार से गांवों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने का दावा कर रहे हैं।
साहिया क्षेत्र में 13 दिन पहले आई आपदा के कारण बिजली की लाइन के पोल गिरने व कई ट्रांसफार्मर भूस्खलन की जद में आने के कारण आपूर्ति की व्यवस्था गड़बड़ा गई थी। लाइन को व्यापक स्तर पर हुए नुकसान के कारण ऊर्जा निगम ने लगभग बीस किलोमीटर लंबी लाइन को दोबारा से बनाने की बात करते हुए लाइन के निर्माण का काम भी शुरू कर दिया था। नई लाइन के निर्माण के कारण सिली खत के बारह गांवों में बिजली की आपूर्ति पूर्णत: ठप हो गई थी।
इस मामले में ग्रामीणों ने बुधवार को अवर अभियंता का घेराव करके लाइन के निर्माण के कार्य में तेजी लाने की मांग की थी। उधर ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए निगम के अधिकारियों ने फिलहाल माख्टी-चकराता लाइन से प्रभावित गांवों को आपूर्ति की व्यवस्था की है।
सहायक अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि अभी कुछ घंटे के लिए आपूर्ति दी गई है लेकिन शुक्रवार को गांवों को किसी अन्य लाइन से जोड़कर आपूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नई लाइन के बनने में अभी समय लग रहा है इसलिए प्रभावित क्षेत्रों की आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।