बारिश के बीच डेंगू के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को जिले में डेंगू के आठ नए मरीज मिले हैं। इन सभी मरीजों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 503 मरीजों की एलाइजा जांच हुई थी। इसमें आठ मरीज पॉजिटिव पाए गए। अब तक जिले में डेंगू के कुल 127 मरीज मिल चुके हैं। इसमें 105 मरीज ठीक हो चुके हैं और 22 मरीजों का इलाज चल रहा है। बता दें कि सबसे अधिक मरीज अजबपुर कला, धर्मपुर, रेस कोर्स, जीएमएस रोड, सिंघल मंडी, देहराखास, पटेलनगर, त्यागी रोड, कार्गी, आढ़त बाजार और मोथरोवाला शामिल है। इन सभी जगहों पर डेंगू के मरीज खोजे जा रहे हैं। इसके साथ ही फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव करवाया जा रहा है।