सहसपुर ब्लाॅक की ग्राम पंचायत मिसरास पट्टी के मजरा बटोली में क्षतिग्रस्त हुए मुख्य मार्ग को ठीक करने की कवायद शुरू हो गई है। जल्द ग्रामीणों की रास्ते की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी।
मजरा बटोली का मुख्य रास्ता क्षेत्र में बहने वाले शेरूवाला खाला से होकर गुजरता है। बरसात में खाले में आए तेज बहाव के पानी ने रास्ते पर गहरी खाई बना दी थी। ग्रामीणों का गांव से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। लोगों ने बहुउद्देश्यीय शिविर में जिलाधिकारी सविन बंसल से गांव से विस्थापन कराने की मांग की थी। जिलाधिकारी ने एसडीएम विनोद कुमार की अध्यक्षता में एक टीम का गठन किया था। पांच अक्तूबर को टीम ने मौका मुआयना करते हुए गांव को जाने वाले रास्ते को ठीक कराने का आश्वासन दिया था। अब क्षतिग्रस्त मार्ग को ठीक करने का काम शुरू हो गया है। उप जिलाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि मार्ग को पानी व मलबे आदि से नुकसान पहुंचा है। शीघ्र ही रास्ते को ठीक करा लिया जाएगा।