- बाजार के आंतरिक भागों में संचालन करने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश।
नए रूट प्लान का ई-रिक्शा चालकों ने सोमवार को योगनगरी रेलवे स्टेशन के बाहर विरोध किया। प्रदर्शन करते हुए मांग की कि ई-रिक्शा को जयराम आश्रम मार्ग सहित शहर के अंदर तक आने-जाने दिया जाए।
ई-रिक्शा चालक एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शर्मा और देवभूमि ई-रिक्शा एसोसिएशन के अध्यक्ष नंदकिशोर जाटव ने कहा कि बेरोजगारों लोगों ने बैंक और प्राइवेट फाइनेंशरों से ई-रिक्शा लोन पर लेकर अपना व्यवसाय शुरू किया है। सभी निर्धारित मार्गों पर अपने वाहनों का संचालन कर रहे हैं। इसका लाभ भी स्थानीय लोगों को मिल रहा है। प्रशासन ने चारधाम यात्रा का बहाना बताकर शहर में ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित कर दिया है।
प्रदर्शन कर रहे ई-रिक्शा चालकों ने पुलिस प्रशासन से ई-रिक्शा को जयराम आश्रम मार्ग तक आने की अनुमति देने की मांगी है। पुलिस प्रशासन ने पुराने बस अड्डे तक ही ई-रिक्शा संचालन की अनुमति दी है। लेकिन ई-रिक्शा चालक अपनी जिद पर अड़े हैं, उनका कहना था कि शहर के अंदर ई-रिक्शा संचालन की अनुमति दी जाए। रिक्शा चालकों एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एआरटीओ कार्यालय में परिवहन मंत्री चंदन रामदास को भी ज्ञापन दिया। विरोध प्रदर्शन करने वालों में राजीव, आकाश, धर्मेद्र, दीपक, सोनू चौहान, राकेश मंडल, सौरव कुमार, कुलदीप पांडेय आदि थे।