सेलाकुई थाना पुलिस ने एक ड्रग पैडलर ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 15.33 ग्राम स्मैक मिली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी औद्योगिक क्षेत्र में ई-रिक्शा चलाते हुए श्रमिकों को स्मैक बेचता है। थाना प्रभारी सेलाकुई पीडी भट्ट ने बताया कि मंगलवार की देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान धूलकोट तिराहे के पास एक ई-रिक्शा चालक को आते देखा गया। पुलिस ने चालक को रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 15.33 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बताया कि ई-रिक्शा से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी मिला है। चालक की पहचान यूपी के लखीमपुर खीरी निवासी प्रियांशु पाल के रूप में हुई है। आरोपी हाल में सेलाकुई के खैरी गेट में रह रहा है। वह स्वयं स्मैक का नशा करता है। संवाद