- मजदूरी करने के लिए हरिद्वार से देहरादून आ रहे थे युवक
तेज रफ्तार बेकाबू हुए डंपर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। दोनों युवक हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र से देहरादून मजदूरी करने के लिए आ रहे थे। चालक डंपर लेकर मौके से भाग निकला, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
घटना शुक्रवार को आशारोड़ी और डाटकाली मंदिर के बीच हुई। मृतकों की पहचान कोसेन (26) पुत्र मुंतजिर और सारिक(28) पुत्र फैयाज निवासी नई मस्जिद सिरचंदी, भगवानपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों युवक अक्सर काम के सिलसिले में देहरादून आते रहते हैं। शुक्रवार सुबह भी वह देहरादून आ रहे थे।
इसी बीच डाट काली मंदिर से आगे की ओर सामने से आते तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इमरजेंसी सेवा के माध्यम से दोनों को श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोसेन बाइक चला रहा था। जबकि, सारिक पीछे बैठा था। घटना के बाद उनके परिजन भी देहरादून पहुंच गए हैं। सीओ सदर पंकज गैरोला ने बताया कि घटनास्थल से डंपर चालक भाग निकला है। उसके डंपर की सीसीटीवी कैमरों की मदद से पहचान की जा रही है। दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल परिजनों ने मुकदमे के लिए तहरीर नहीं दी है।