डंपर और मिनी लोडर की टक्कर हो गई। हादसे में मिनी लोडर चालक की मृत्यु हो गई। जबकि, क्लीनर घायल हो गया। डंपर चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
हादसा प्रेमनगर क्षेत्र के झाझरा में मंगलवार सुबह करीब सवा पांच बजे हुआ। एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि एक डंपर सेलाकुई से देहरादून की ओर आ रहा था। दूसरी तरफ से मिनी लोडर सेलाकुई की ओर जा रहा था। सुभारती अस्पताल के पास दोनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर में मिनी लोडर का चालक और क्लीनर बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चालक को मृत घोषित कर दिया गया।
एसओ ने बताया कि मृतक की पहचान संजय सिंह निवासी गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह वर्तमान में पुराना पोस्ट ऑफिस के पास सेलाकुई में रहते थे। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।