सब स्टेशन विकासनगर के ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के कार्य के चलते क्षेत्र में 11 घंटे बिजली गुल रही। ऊर्जा निगम ने केवल आठ घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहने की सूचना जारी की थी। विद्युत आपूर्ति ठप होने से कई क्षेत्रों में सुबह से ही पानी की किल्लत बनी रही। लोग नहाने के लिए पानी गर्म नहीं कर पाए। दिनभर बिजली गुल रहने से लोगों की दिनचर्या अस्त व्यस्त रही।
विकासनगर क्षेत्र में शनिवार सुबह 9.00 बजे बिजली गुल हो गई। इस दौरान विकासनगर, पहाड़ी गली, मंडी चौक, एनफील्ड लाइन, बुलाकीवाला, मंडी पश्चिमवाला, बाबूगढ़, अजीतनगर, शिवलोक कालोनी, भीमावाला, बरोटीवाला, मारटंडेल, लक्ष्मीपुर, मलूकावाला, गोकुलवाला, लालढांग, अंबाड़ी, डॉक्टगंज, बाढ़वाला, राजावाला, कटापत्थर, तौली भूड़, रसूलपुर, लाइन जीवनगढ़, तेलपुर, डाकपत्थर, जीवनगढ आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। शाम को 8.15 में विद्युत आपूर्ति बहाल हुई। उर्जा निगम के एसडीओ अरशद ने बताया कि शाम को कार्य पूरा होने के बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई थी।