कई दिनों से चटख धूप के चलते पड़ रही गर्मी से बुधवार को हुई बारिश ने राहत दी। दोपहर के समय हुई झमाझम बारिश से तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बादल छाए रहने और मौसम में नमी के चलते कई दिनों बाद शाम के समय ठंडक का अहसास हुआ। उधर, आज भी बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जबकि देहरादून समेत अन्य जिलों में कहीं तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना जताई गई है।
देहरादून में कई दिनों से चटक धूप के चलते सितंबर में पिछले कई सालों के तापमान के रिकार्ड टूट गए। लेकिन बुधवार को मौसम ने करवट ली। सुबह से ही आसमान में बादल दिखाई देने लगे। दोपहर करीब एक बजे घनघोर बादल छाने के बाद झमाझम बारिश हुई। करीब दो मिलीमीटर बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इससे एक दिन पहले मुकाबले अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 33.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार 30 सितंबर तक प्रदेश में विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। जबकि बृहस्पतिवार को बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जबकि देहरादून, हरिद्वार समेत अन्य जिलों में जगह-जगह तीव्र बारिश होने के आसार हैं। वहीं बुधवार को पंतनगर में अधिकतम तापमान 31.1, मुक्तेश्वर में 22.4 और नई टिहरी में 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।