- वॉरियर गर्ल्स फाउंडेशन ने हरबर्टपुर में चलाया यातायात सुरक्षा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
हरबर्टपुर। वॉरियर गर्ल्स फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को हरबर्टपुर चौक पर जागरूकता अभियान चलाया। हाथों में पोस्टर, बैनर व तख्तियों पर लिखे स्लोगन के माध्यम से वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। संस्था की सचिव प्रीति सैनी ने कहा कि बाइक चलाते समय हेलमेट, कार ड्राइविंग के दौरान सीट बेल्ट, सीमित गति व सावधानी पूर्वक वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है। यातायात नियमों की अनदेखी करना ही दुर्घटनाओं का कारण बनता है। उन्होंने वाहन सवारों से बातचीत कर उन्हें यातायात नियमों के पालन का संकल्प भी दिलाया। हरबर्टपुर पुलिस ने भी संस्था के कार्यकर्ताओं का सहयोग करते हुए वाहन चालकों को जागरूक किया। इस मौके पर चौकी प्रभारी सनोज कुमार, संस्था की अध्यक्ष रेहाना सिद्दीकी, राहुल सिंघल, सिद्धार्थ, मुस्कान, देवेंद्र, नौशाबा, वाजिदा, जीनत, नाजमा आदि उपस्थित रहे। संवाद