बीते दो दिन से राजधानी दून में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने सात साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अधिकतम तापमान में भी तीन डिग्री कमी दर्ज की गई है। 24 घंटे के आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून में 118 एमएम बारिश हुई। जबकि, वर्ष 2015 में यह आंकड़ा 114.7 एमएम दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग की ओर से मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक लिए गए 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार दून में 450 फीसदी अधिक बारिश हुई। मानसून में इस दिन सामान्य 21.5 एमएम की बारिश होती है। जबकि, हरिद्वार जिले में सबसे अधिक 154.2 एमएम और सबसे कम अल्मोड़ा जिले में 2.6 एमएम बारिश हुई।
-
यहां जलभराव से हुई परेशानी
कई दौर की बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया। इसके चलते कई जगह ट्रैफिक जाम की दिक्कतें भी देखने को मिलीं। खासकर आईएसबीटी चौक, रेलवे स्टेशन चौक, माजरा चौक, प्रिंस चौक, एस्लेहॉल चौक समेत शहरभर के फ्लाईओवरों की सर्विस लेन पर जलभराव होने से दोपहिया चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।