दून अस्पताल की कैथ लैब में सामान्य मरीजों को भी इलाज मिलना शुरू हो गया है। अभी तक यहां आयुष्मान कार्ड वाले मरीजों का ही इलाज किया जा रहा था। गैर आयुष्मान के मरीजों के लिए कैथ लैब का शुल्क शासन की ओर से तय नहीं होने के कारण इन मरीजों को वापस लौटाया जा रहा है।
अस्पताल के एमएस डॉ. अनुराग अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल की कैथ लैब में गैर आयुष्मान मरीजों का भी इलाज शुरू हो गया है। हालांकि अभी शासन से इसके रेट तय नहीं हुए हैं। ऐसे में अस्पताल कम कीमत में इन मरीजों का इलाज कर रहा है। इन मरीजों से अस्पताल के शुल्क के तहत ही कीमत ली जाएगी। अस्पताल के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अमर उपाध्याय कैथ लैब में मरीजों का इलाज कर रहे हैं।
अमर उजाला ने उठाया था मुद्दा
अस्पताल में अबतक कैथलैब नहीं होने से हार्ट के मरीजों को रेफर करना पड़ता था। 13 जुलाई से अस्पताल में कैथ लैब शुरू तो कर दी गई थी, लेकिन यहां पर सिर्फ आयुष्मान वाले मरीजों को ही इलाज दिया जा रहा था। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेकर सभी मरीजों के इलाज की व्यवस्था शुरू की।