युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल द्वारा मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के तहत महाराणा प्रताप स्पो
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का सोमवार को शुभारंभ किया गया। पहले दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं में दून के एथेलीटों का दबदबा रहा। जूडो 63, 55, 60 किलो भार वर्ग के साथ तीरंदाजी 20 मीटर में दून के खिलाड़ियाें ने पहला स्थान प्राप्त किया। आमवाला स्थित बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित जूडो प्रतियोगिता की अंडर-19 बालिका 63 किलो भार वर्ग में देहरादून की कृतिका ने पहला, ऊधमसिंह नगर की आकांक्षा ने दूसरा, पिथौरागढ़ की आराध्या व टिहरी की मीनाक्षी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि 44 किलोग्राम भार वर्ग में नैनीताल की साक्षी पंत पहले, ऊधमसिंह नगर की अंजली दूसरे, हरिद्वार की प्रियंका व देहरादून की जान्हवी तीसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा बालक वर्ग के 55 किलो भार वर्ग में देहरादून के सार्थक ममगाईं ने पहला, ऊधमसिंह नगर के मोहसिन ने दूसरा और नैनीताल के दीपक पटवाल व हरिद्वार के विवान शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 60 किलो भार वर्ग में देहरादून के हिमांशु पहले, ऊधमसिंह नगर के शिवराज दूसरे, नैनीताल की प्रियांशु मेहता व हरिद्वार के आयुष भट्ट तीसरे स्थान पर रहे। उधर, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में अंडर-14 बालक व बालिका वर्ग में तीरंदाजी के तहत इंडियन रिकर्व और कंपाउंड राउंड में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पहले दिन इंडियन राउंड के मुकाबले खेले गए। 20 मीटर की स्पर्धा में देहरादून के अक्षत व हरिद्वार की वर्णिका ने पहला स्थान प्राप्त किया। जबकि पौड़ी गढ़वाल के देवांश व हरिद्वार की रोहिणी दूसरे और ऊधमसिंह नगर के अंश हरबोला व देहरादून की अमल्या तीसरे स्थान पर रहीं। 30 मीटर स्पर्धा में पौड़ी के देवांश ने पहला, ऊधमसिंह नगर के रुद्रप्रताप दूसरे और देहरादून के सुदामा तीसरे स्थान पर रहे। विजेता खिलाड़ियों को अपर निदेशक खेल अजय कुमार अग्रवाल ने मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 1500, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 700 रुपये की पुरस्कार राशि उनके बैंक खाते में जमा की जाएगी। इस अवसर पर विभाग के अपर निदेशक आरसी डिमरी, उप निदेशक शक्ति सिंह, एसके जयराज, सहायक निदेशक दीप्ति जोशी, कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाईं समेत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।