31 दिसंबर की मध्य रात्रि घड़ी की सुई टिक-टिक कर जैसे ही 12 पर पहुंची पटाखों की गड़गड़ाहट के साथ दून ने नए साल 2024 की खुशियां मनानी शुरू कर दीं। शहरवासियों ने होटल, रेस्टोरेंट के साथ ही अपनी सोसायटी और कॉलोनियों में जमकर आतिशबाजी कर नए साल का स्वागत किया।
शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और सोसायटी में अलग-अलग थीम पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं कवियों ने लोगों से ठहाके लगवाए तो कहीं गायकों ने अपने गीतों की प्रस्तुति से समा बांधा। नए साल के जश्न के लिए राजपुर रोड कुछ दिन पहले से ही रंग-बिरंगी रोशनी में नहाया हुआ था। इसके साथ ही चकराता रोड, सहारनपुर रोड, जीएमएस रोड समेत मसूरी डायवर्जन आदि जगहों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। किसी ने केक काटा तो किसी ने मिठाई बांट कर नए साल मनाया।
Iदिन भर मॉल, पार्क रहे गुलजारI
नए साल के उपलक्ष्य में शहरभर के सभी बड़े-छोटे मॉल और पार्क दिनभर गुलजार रहे। लोगों ने अपने परिवार व दोस्तों संग मॉल में खरीदारी करने के साथ फिल्में देखीं। साथ ही विभिन्न स्टॉल पर स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद भी चखा। पार्कों में लोगों का तांता लगा रहा। न्यू कैंट रोड स्थित व राजपुर रोड स्थित शहर के सबसे बड़े मॉल से लेकर आईएसबीटी, धर्मपुर व अन्य छोटे मॉल में भी दिनभर लोगों का जमावड़ा देखने को मिला। ऐसे ही मसूरी रोड स्थित देहरादून जू, गांधी पार्क, लच्छीवाला पार्क में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
I
I
Iपिकनिक स्पॉट भी रहे पैकI
शहर के आसपास के पिकनिक स्पॉट भी पैक रहे। मालदेवता, किमाड़ी, रायपुर, चंद्रोठी, गूलरघाटी समेत डाकपत्थर के पिकनिक स्पॉट में लोगों का जमावड़ा देखने को मिला। यहां संगीत की धुन पर लोगों ने नए साल का जश्न मनाया। इसके अलावा एफआरआई, सहस्त्रधारा, गुच्चूपानी और संतला देवी में भी लोगों ने खूब जश्न मनाया।