-नगर निगम की टीम पहुंची लेकिन राजस्व की टीम ने आने में कर दी देरी
-लोगों ने लगाया है घर अवैध होने का आरोप, अवैध हुआ तो टूटेगा घर :प् रशासन
स्थानीय लोगों ने आरोपी सोनू भारद्वाज के घर को अवैध बताया है। इस बात को लेकर अब पैमाइश शुरू हो गई है। नगर निगम की टीम वहां नाले और आसपास के इलाके की पैमाइश के लिए पहुंची थी। लेकिन, राजस्व की टीम के पहुंचने में देरी होने से विस्तृत पैमाइश नहीं हो पाई। प्रशासन का कहना है कि सोनू का घर अवैध स्थान पर हुआ तो उसे निश्चित तौर पर ढहाया जाएगा।
बता दें कि डोभाल चौक के पास जिस जगह पर सोनू का घर है वहां से कुछ दूरी पर गहरा नाला भी है। अब प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि यह नाला प्राइवेट है या सरकारी। आक्रोशित लोगों ने जब मंगलवार को आंदोलन के दौरान सोनू के घर को ढहाने की मांग उठाई तो प्रशासन भी हरकत में आ गया। इस पर प्रशासन ने नगर आयुक्त को मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। लेकिन, पूरी जांच के लिए तहसील प्रशासन की टीम को भी पहुंचना था। मगर, शाम तक वहां राजस्व की टीम नहीं पहुंची थी। ऐसे में विस्तृत जांच न होने के कारण फिलहाल पैमाइश पूरी नहीं हो सकी। नगर निगम के कर अधीक्षक राहुल कैंथोला ने बताया कि बुधवार को मौके पर फिर से पैमाइश शुरू की जाएगी।
जाम के चलते ट्रैफिक करना पड़ा डायवर्ट
छह नंबर पुलिया पर जाम लगाने के बाद लोगों को आवाजाही में समस्या हुई। वहां पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। इससे छह नंबर पुलिया से रिंग रोड, जोगीवाला और फव्वारा चौक की तरफ ट्रैफिक को डायवर्ट करना पड़ा। जाम के चलते लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं दोपहर में सीओ अनिल जोशी ने जाम लगाकर बैठे लोगों को आरोपी रामवीर की गिरफ्तारी की सूचना दी। इसके बाद जाकर जाम खुला।
सुभाष क्षेत्री और मनोज नेगी अभी भी आईसीयू में
बीती रविवार देर रात डोभाल चौक में गोली मारकर युवक रवि बडोला की हत्या कर दी गई थी। वहीं गोली लगने से घायल सुभाष क्षेत्री और मनोज नेगी को रविवार रात ही इंद्रेश अस्पताल में आईसीयू में भर्ती करा दिया गया था। अभी वे आईसीयू में ही हैं। बता दे कि गोली लगने से मृत छह नंबर पुलिया निवासी रवि बडोला उर्फ दीपक का शव सोमवार सुबह वहीं नजदीक एक नाले के पास मिला था।