विकासनगर। जुड़ली गांव में खेत में पानी चलाने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले। घटना में कई लोग घायल हो गए। उन्होंने उप जिला अस्पताल विकासनगर में मेडिकल कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों के 18 लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इसमें नौ महिलाएं भी शामिल हैं।
कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि जुडली गांव में दो पक्षों में पुश्तैनी जमीन के लिए लंबे समय से विवाद चल रहा है। बीते 26 मार्च की शाम को एक पक्ष का सुभाष खेत में पानी चला रहा था। इस पर दूसरे पक्ष ने विरोध किया तो कहासुनी शुरू होने लगी। धीरे-धीरे मामला मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी डंडे और पत्थर से हमला करने लगे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि एक पक्ष की ओर से विमल कुमार ने सुभाष, सीताराम, कुलविंदर, अनिकेत, कन्हैया, सुनीता, कमलेश, पूजा, आरती, बाला, कैलाश और दूसरे पक्ष की ओर से सुनिता देवी ने विमल कुमार, रविता, सोनू, सोनित, रेनू, राधिका, कश्मीरी और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जांच चौकी प्रभारी हरबर्टपुर कविंद्र राणा को सौंपी गई है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।