देहरादून। डीआईटी विवि के स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स के उत्तराखंड चैप्टर के साथ मिलकर विश्व वास्तुकला दिवस मनाया। कार्यक्रम की थीम आवास एक मानव अधिकार है, इसका निर्माण करें रही। इस दौरान वास्तुकला में कॅरिअर, घरों की जरूरत और पुरानी इमारतों को बचाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में वास्तुकार गुरमीत एस. राय ने विद्यार्थियों को पुरानी इमारतों और ऐतिहासिक जगहों को बचाने के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि विकास के साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को बचाना भी जरूरी है। वास्तुकला में कॅरिअर के अवसरों पर हुई चर्चा में आईआईए उत्तराखंड चैप्टर के अध्यक्ष आर्किटेक्ट एमएस नेगी, संयुक्त सचिव संजय भार्गव, मेघा वशिष्ठ, प्रो. जितेंद्र कुमार और डॉ. अखिलेश कुमार शामिल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को कॅरिअर, आगे की पढ़ाई और इस क्षेत्र में काम करने के अवसरों की जानकारी दी। इस मौके पर आर्किटेक्चर थ्रू द लेंस विषय पर फोटोग्राफी प्रतियोगिता भी हुई। इसमें तनिषा मलिक ने प्रथम, कियान और अद्वेका ने द्वितीय और ध्रुव, अरहम और सौरभ ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस दौरान एन रवि शंकर, डॉ. विनय शर्मा, डॉ. अभिलाषा पाठक, डॉ. अखिलेश कुमार आदि मौजूद रहे।