Iमजबूरी में गंदगी के ऊपर से होकर गुजरे लोगI
सिनेमा गली में सीवर लाइन का पाइप फटने से सड़क पर गंदगी फैल गई। जिस कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। लोगों का कहना है कि आए दिन शहर में कही न कही सीवर लाइन ओवरफ्लो हो जाती है। सीवर के कारण बीमारी फैलने की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय निवासी राजू त्यागी, मनीष गुप्ता, राजेश कुमार, अमरीश गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को त्रिशला जैन धर्मशाला के समीप ढाल पर सीवर लाइन का पाइप फट गया। जिस कारण गंदगी बहकर सड़क पर आ गई। बताया कि सड़क क्षेत्र को मुख्य बाजार को जोड़ती है। जिस कारण बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही लगी रहती है।
सड़क पर जैन बालिका इंटर कॉलेज भी स्थित है। सीवर के सड़क पर बहने से लोगों को आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मजबूरी में लोग गंदगी से ऊपर से होकर गुजरे। आसपास के लोगों और दुकानदारों को दुर्गंध का सामना करना पड़ा। जल संस्थान के सहायक अभियंता जयपाल सिंह ने बताया कि मुख्य लाइन के रखरखाव की जिम्मेदारी जल संस्थान की है। जो लाइन फटी वह कंज्यूमर की है, जिसे ठीक करना भी कंज्यूमर की जिम्मेदारी है।