I
IIइन दिनों वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। लेकिन विवि से संबद्ध संस्थानों के निदेशक व प्राचार्य परीक्षा के दौरान केंद्रों से नदारद हैं। यह बात तब सामने आई जब विवि के कुलपति प्रो. ओंकार सिंह ने कुछ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।इस संबंध में विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. वीके पटेल की ओर से विवि परिसर व संबद्ध सभी संस्थानों के निदेशक को पत्र जारी किया गया है। पत्र में उन्होंने कहा, परीक्षा केंद्रों से निदेशकों व प्राचार्यों का नदारद रहना विवि परीक्षाओं की मर्यादाओं के अनुकूल नहीं है। इतना ही नहीं प्रश्न पत्र वितरण के लिए यूएमएस पोर्टल का उपयोग भी सिर्फ निदेशक व प्राचार्य को ही करना होगा। विवि परिसर व उससे संबद्ध संस्थानों के इंजीनियरिंग, फार्मेसी, मैनेजमेंट, होटल मैनेजमेंट, विधि पाठ्यक्रम की सेमेस्टर और फॉर्म-डी की वार्षिक परीक्षाएं राज्य के 51 परीक्षा केंद्रों पर चल रही हैं।I