- बालक व बालिकाओं ने कराटे प्रतियोगिता में दिखाया दम
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत सोमवार को अंडर-19 बालक व बालिका कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बहुउद्देशीय हाल आमवाला में आयोजित अंडर-19 बालक वर्ग की 50 किग्रा भार वर्ग में देहरादून के दिग्यांत ने पहला स्थान प्राप्त किया। 61 किग्रा भार वर्ग में ऊधमसिंह नगर के अनुज गंगवार, 55 किग्रा भार वर्ग में ऊधमसिंह नगर के यश राणा, 76 किग्रा भार वर्ग में ऊधमसिंह नगर के युवराज सिंह व देहरादून के आर्यन छेत्री और 68 किग्रा भार वर्ग में ऊधमसिंह नगर के पार्थ बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया। बालिका 59 किग्रा भार वर्ग में देहरादून की सुहासिनी सिंह ने शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, 48 किग्रा भार वर्ग में चंपावत की अनामिका बिष्ट ने पहला स्थान प्राप्त किया। अंत में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विभाग के अपर निदेशक आरसी डिमरी, संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल, उप निदेशक शक्ति सिंह, एसके जयराज, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडे आदि मौजूद रहे।