कालसी ब्लॉक के नागथात सिला गांव की ध्याटुड़िओ (बेटियों) ने बिसोई स्थित महासू देवता मंदिर में चांदी के दो कलश भेंट किए। ध्याटुड़ियों देव दर्शन कर गांव और परिवार में खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर भंडारे का आयोजन किया गया। ध्याटुड़िओ ने आपस में धनराशि एकत्र कर मंदिर में भेंट करने के लिए चांदी के दो कलश बनवाए थे। मंगलवार को विवाहित और अविवाहित ध्याटुड़ियां पारंपरिक वेशभूषा में जौनसारी बैंड बाजे की धुन पर महासू देवता के जयकारे लगाते हुए मंदिर परिसर में पहुंचीं। देव आंगन में सामूहिक रूप से हारूल और तांदी नृत्य किया। मंदिर समिति के सदस्यों ने ध्याटुड़ियों का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर प्रधान जयपाल, पूर्व प्रधान कृष्णदत्त उनियाल, उमादत्त उनियाल, इंदर नेगी, जितेंद्र चौहान, संदीप उनियाल, गजेंद्र, शमशेर, सतीश, महेंद्र चौहान आदि उपस्थित रहे।