क्षेत्र का प्रमुख साहिया-क्वानू मोटरमार्ग बरसात में मलबा आने से बदहाल हो गया है। इस सड़क से चालदा महासू देवता के दर्शन के लिए श्रद्धालु आवाजाही करते हैं। मार्ग संकरी होने के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
लोक निर्माण विभाग अस्थाई खंड साहिया का साहिया-क्वानू मोटरमार्ग क्षेत्र के कोठा, तारली, पजिटीलानी, सलगा, फेडूलानी, नराया, अस्टी, आरा, तागड़ी, मलेथा, दुनुवा, हाजा, दसऊ, गवेला, दोधा, भपोऊ, वोहा, गभरी, मटियाना, सुनोडा, क्वानू समेत 40 से अधिक गांवों के ग्रामीणों की आवाजाही का मुख्य मार्ग है। बरसात में सड़क जर्जर हो गया है। बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन दिनों क्षेत्र के आराध्य चालदा महासू देवता का प्रवास चल रहा है। जहां प्रतिदिन सैंकड़ों की संख्या में श्रद्धालु देव दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उन्हें मार्ग पर जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है। चालदा महासू देवता समिति के अध्यक्ष शूरवीर सिंह चौहान, पदम सिंह चौहान, दौलत सिंह चौहान, राजेंद्र सिंह, भगत राम, आंनद शर्मा का कहना है कि सड़क खराब होने से श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि छह व सात सितंबर को चालदा महासू मंदिर में जागड़ा का आयोजन होना है। इसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। उन्होंने जागड़ा से पहले सड़क को ठीक कराने की मांग अधिकारियों से की है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता रचना थपलियाल ने बताया कि मोटरमार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई जा रही है। इसके अलावा जागड़ा पर्व को ध्यान में रखते हुए मार्ग पर आए मलबे की सफाई की जा रही है।