विकासनगर। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में खनन विभाग की टीम ने बुधवार को जिला खान अधिकारी के नेतृत्व में विकासनगर तहसील क्षेत्र में संचालित खनन पट्टों और उपखनिज भंडारणों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनियमितताएं मिलने पर नवाबगढ़ और झाझरा में एक-एक खनन पट्टे, भीमावाला और डाकपत्थर में दो उपखनिज भंडारणों का पोर्टल निलंबित कर दिया। निरीक्षण के दौरान टीम ने झाझरा क्षेत्र में अवैध उपखनिज परिवहन के मामले में दो वाहनों पर अर्थदंड भी लगाया। वहीं, डाकपत्थर में नदी तल पर अवैध रूप से एकत्र किए गए उपखनिज को नदी तल में ही फैलाने की कार्रवाई की गई। खनन विभाग की टीम ने तहसील क्षेत्र में जीएमवीएन, वन विकास निगम और अन्य खनन पट्टों के साथ उपखनिज भंडारण स्थलों का निरीक्षण भी किया। कार्रवाई के दौरान सहायक खनिज पर्यवेक्षक पंकज चंद, शिवा नेगी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद